बुधवार, 1 अप्रैल 2020

समय की एजेंसी-19

स्वयं के लिए समय


केवल कार्य के लिए ही नहीं अपने लिए भी समय का आवंटन करना होगा। हमारी व्यक्तिगत आवश्यकताओं की पूर्ति से ही हम पारिवारिक व सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में सक्षम हो पाते हैं। हमें स्पष्ट रूप से नियोजित करना होगा कि हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिए कितने घण्टे विश्राम की आवश्यकता है? नैत्यिक दिनचर्या शौच, स्नान, व्यायाम, योग-प्राणायाम, ध्यान व भोजन के लिए कितने समय की आवश्यकता होगी? हमें सुनिश्चित करना होगा कि ये गतिविधियाँ भले ही नितांत निजी आवश्यकताएँ हों किंतु ये प्राथमिक व अनिवार्य आवश्यकताएँ हैं। इनमें किसी प्रकार की कटौती या लापरवाही हमारी कार्य कुशलता को प्रभावित करेगी और हम अपने जीवन को संपूर्णता के साथ नहीं जी पायेंगे। हम अपने प्राप्त समय का उपयोग अधिकतम कुशलता के साथ नहीं कर पायेंगे। 
             अतः हमें अपने आपको स्वस्थ, सक्षम, सबल, योग्य, कुशल ही नहीं आनंदित रखने वाली गतिविधियों में आवश्यकतानुसार समय का निवेश करना ही होगा। हाँ, यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इनमें आवश्यकता से अधिक समय न लगे। हमारी सभी गतिविधियाँ समय के सन्दर्भ में पूर्व-नियोजित होंगी, तो हम समय का सही तरीके से उपयोग कर पायेंगे। हमें अच्छी आदतों का विकास कर कठिन व स्मार्ट परिश्रम करने का आनंद लेने में सक्षमता हासिल करनी होगी।  

कोई टिप्पणी नहीं: