सोमवार, 18 जनवरी 2021

समय की एजेंसी-32

  कैसे करें कार्य प्रबंधन?

 


कार्य प्रबंधन के महत्व को सभी व्यक्ति स्वीकार करने लगे हैं। वर्तमान समय में कार्य प्रबंधन पर पर्याप्त लिखा जा रहा है। केवल लिखा ही नहीं जा रहा, छप व बिक भी रहा है। केवल छप व बिक ही नहीं रहा पर्याप्त रूप से पढ़ा भी जा रहा है। कार्य प्रबंधन की आवश्यकता को समझने के कारण ही आज के युवा पर खाली समय देखने को नहीं मिलता। विद्यार्थी अपने अवकाश के समय में भी विभिन्न अतिरिक्त कक्षाओं में जाता है। अध्ययन शिविरों में जाता है। हाबी क्लासेस में जाता है। अतिरिक्त समय में अतिरिक्त आमदनी के प्रयास भी बढ़ते जा रहे हैं। यहाँ तक कि पारंपरिक रूप से खाली समय में गप्पें लगाने वाली गृहिणियाँ भी विभिन्न कलाओं और शिल्पों को सीखकर उत्पादक कार्य में योगदान देने लगी हैं। इस प्रकार कार्य प्रबंधन के महत्व को वर्तमान में बड़े पैमाने पर स्वीकार किया जाने लगा है।

 

      अब आवश्यकता इस बात की है कि समय जैसे दुर्लभ तत्त्व का प्रबंधन कैसे किया जाय? वास्तव में समय का प्रबंधन नहीं गतिविधियों का प्रबंधन किया जाना है। समय के संदर्भ में कार्य का प्रबंधन किया जाना है। समय का तो विभिन्न गतिविधियों के लिए आवंटन किया जाता है। इस पर व्यावहारिक दृष्टिकोण से विचार किया जाना उचित रहेगा।  कुछ सहज, सरल व बोधगम्य युक्तियों का निर्धारण कर प्रस्तुत किया जाए ताकि जन सामान्य उन युक्तियों का प्रयोग कर अपने समय का सदुपयोग कर सके। अपने समय की प्रत्येक इकाई का प्रयोग करते हुए अपने समय को अधिक गुणवत्तापूर्ण कार्यों में निवेश कर समय की एजेंसी का मालिक बन सके। पीटर ड्रकर के अनुसार, ‘प्रबंधक का काम है, काम को सही करने का और नेतृत्वकर्ता का काम है सही काम करने का।’ अपने जीवन का आपको नेतृत्व भी करना है और अपने समय का प्रबंधन भी आप ही को करना है। इस प्रकार आप अपने प्रबंधक और नेता दोनों ही हैं। अतः हमें न केवल सही कामों में अपने समय का निवेश करना है; वरन् कामों को सही भी करना है।

 क्या करना है? कब करना है? कैसे करना है? किस समय करना है? कितना समय लगेगा? क्या कोई अन्य तरीका है, जिसकी सहायता से इससे कम समय में अमुक कार्य को पूर्ण गुणवत्ता सहित पूर्ण किया जाना संभव हो। इन सभी प्रश्नों पर पूर्ण रूप से विचार करने के बाद ही कार्य और समय के सन्दर्भ में बेहतर फैसला किया जा सकता है। यह कार्य प्रबंधन का क्षेत्र है। कार्य प्रबंधन ही हमें समय की एजेंसी प्रारंभ करने की सामर्थ्य प्रदान करता है। कार्य प्रबंधन ही है, जो हमें समय के व्यवस्थित उपयोग करने की तकनीक बताकर हमें जीवन के प्रत्येक पल को जीने का अवसर प्रदान करता है।









 

कोई टिप्पणी नहीं: