गुरुवार, 26 नवंबर 2026

गीता में व्यावहारिक योग

 

ॐ

गीता में योग तत्त्व

                                © डा संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी

भारतीय ज्ञान परंपरा में षड्दर्शनों का विशेष स्थान है। योग दर्शन व वेदान्त विद्वत जनों में चिन्तन-मनन के विषय रहते हैं। वर्तमान समय में योग का लोकतान्त्रीकरण हुआ है। यह योगियों की ही नहीं, जन सामान्य की विधा बन गया है। योग विद्या का महत्व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वीकारा जा रहा है और २१ जून को अन्तर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में विश्व में मनाया जाने लगा है। महर्षि पतंजलि के योग सूत्र के साथ ही योग की प्रामाणिक व्याख्या के रूप में तत्कालीन प्रबन्धन गुरु योगेश्वर श्री कृष्ण सृजित गीता योग का प्रामाणिक ग्रन्थ है। गीता में योग के मूल तत्व ही नहीं मिलते, उनके व्यवहारिक प्रयोग का मार्ग भी मिलता है। गीता के अनुसार योग जीवन का आधार सिद्ध होता है।

भारतीय चिंतन में योग केवल आसन या व्यायाम नहीं है, वह जीवन जीने की एक समग्र कला है। यह दुख से विरक्त रहकर जीने की जीवन शैली है। भगवद्गीता को ‘योगशास्त्र’ कहा गया है। उसके प्रत्येक अध्याय के अंत में लिखा है — ‘इति श्रीमद्भगवद्गीतासु उपनिषत्सु ब्रह्मविद्यायां योगशास्त्रे श्रीकृष्णार्जुनसंवादे...’ अर्थात् गीता ब्रह्मविद्या भी है और योगशास्त्र भी। ब्रह्म विद्या का रूप भले ही समझना और आचरण में ढालना कठिन हो, योग व्यक्ति के लिए अधिक व्यवहारिक है। इसे इस तरह कहना भी अधिक उपयुक्त रहेगा कि गीता ने योग को गुफ़ाओं से निकाल कर जन सामान्य के लिए प्रस्तुत कर दिया है। वर्तमान समय में स्वामी रामदेव जी जैसे योग प्रचारकों ने योग को साधना से निकाल कर जन सामान्य में आरोग्य के उपकरण के रूप में स्थापित कर दिया है।

गीता का योग शरीर को मोड़ने का नहीं, मन को जोड़ने का विज्ञान है। जीवात्मा का परमात्मा से, कर्म का कर्तव्य से, मन का शरीर से, बुद्धि का विवेक से और जीवन का लक्ष्य से जुड़ना ही योग है। श्रीकृष्ण अर्जुन को युद्धभूमि में जो उपदेश देते हैं, वह किसी संन्यासी के लिए नहीं, बल्कि कर्तव्य से भागते हुए एक गृहस्थ योद्धा के लिए है। यही गीता के योग की सबसे बड़ी विशेषता है — पलायन नहीं,  पुरुषार्थ। गीता स्पष्ट रूप से घोषित करती है-

न हि कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्य कर्मकृत।

कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणैः॥३.५

अर्थात कोई भी मनुष्य किसी भी काल में क्षण मात्र भी कर्म किए बिना नहीं रह सकता, क्योंकि मनुष्य प्रकृति जनित गुणों द्वारा परवश कर्म करने को बाध्य है। यही नहीं गीता के अध्याय २ के पचासवें श्लोक में तो समत्व भाव से किये गए कर्म को ही कर्म की कुशलता कहते हुए योग कहा है-

बुद्धियुक्तो जहातीह उभे सुकृतदुष्कृते।

तस्माद्योगाय युज्यस्व योगः कर्मसु कौशलम॥२.५०

अर्थात समबुद्धियुक्त पुरुष पुण्य और पाप दोनों को इसी लोक में त्याग देता है अर्थात उनसे मुक्त हो जाता है। अतः तू समत्व रूप योग में लग जा, यह समत्व रूप योग ही कर्मों में कुशलता है अर्थात कर्म बन्धन से छूटने का उपाय है। पाश्चात्य दर्शनिक काण्ट इसे ही कर्तव्य के लिए कर्तव्य कहते हैं। कर्म के लिए कर्म करने पर कर्मों में कुशलता आती है। इस कुशलता को प्राप्त करना ही प्रबन्धन का भी लक्ष्य होता है। इस प्रकार योग प्रबन्धकों के लिए भी महत्वपूर्ण उपकरण है।

योग का अर्थ — योग का सामान्य अर्थ जुड़ना है। अब इसका कहीं भी प्रयोग करें गणित में, समाज में या फ़िर योग में; इसका अर्थ तो जुड़ना ही रहेगा।  ‘योग’ शब्द ‘युज्’ धातु से बना है, जिसका अर्थ है जोड़ना, मिलाना, एकाग्र करना। मानव का योग से जुड़े बिना पुरुषार्थ लाभ संभव नहीं है। प्रसिद्धि की चिन्ता किए बिना सिद्धि के लिए काम करना योग का विषय है।

गीता के सन्दर्भ में विचार करें तो गीता में योग के तीन प्रमुख अर्थ मिलते हैं —

१. समत्वं योग उच्यते — समता ही योग है। सुख-दुःख, लाभ-हानि, जय-पराजय में समान रहना।

२. योगः कर्मसु कौशलम् — समत्व बुद्धि से किए कर्मों में कुशलता ही योग है। काम को इस प्रकार करना कि वह बंधन न बने, साधना बन जाए। प्रबन्धन के दृष्टिकोण से इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि योग से कर्म में कुशलता आती है।

३. तं विद्याद् दुःखसंयोगवियोगं योगसंज्ञितम् — दुःख के संयोग से वियोग ही योग है। योग की परिभाषा ही संसार के दुखों के संयोग से वियोग करवाने वाली विद्या ही योग है।

     इस प्रकार सुख-दुख,लाभ-हानि और जय-पराजय में समत्व भाव प्राप्त कर, गीता का योग मन की स्थिरता, कर्म की निपुणता और दुःख से मुक्ति — तीनों को एक साथ साधता है। गीता में योग के कई रूपों की चर्चा की गई है।

 

१. कर्मयोग — कर्तव्य ही कर्म है और कर्म ही पूजा है। गीता का सबसे पहला और सबसे व्यावहारिक योग कर्मयोग है। अर्जुन युद्ध से भागना चाहता है, उसमें पलायन की प्रवृत्ति जाग्रत हो गई है। उसकी पलायन की प्रवृत्ति से मुक्त कर उसका कर्म से योग करवाने के लिए योग विद्या का उपदेश देते हुए श्रीकृष्ण कहते हैं:—

 

कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।

मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥२.४७

अर्थात

तेरा अधिकार केवल कर्म करने में है, फल में कभी नहीं। तू फल का हेतु मत बन और अकर्म में भी आसक्त मत हो।

कर्मयोग के तीन सूत्र हैं —

क. निष्काम कर्म:- काम करो, पर फल की चिंता में मत डूबो। फल की चिंता ही तनाव, ईर्ष्या और भय को जन्म देती है। फ़ल की चिन्ता कर्म से विरत कर देती है या कर्म को कुशलता से दूर कर देती है। विद्यार्थी पढ़े, शिक्षक पढ़ाए, किसान खेत में श्रम करे — परिणाम ईश्वर पर छोड़ दे। काम की अपेक्षा परिणाम की चिन्ता से कार्य कुशलता नकारात्मक रूप से प्रभावित होती है। अतः पूर्ण कार्य कुशलता के लिए आवश्यक है कि परिणाम की चिन्ता छोड़कर कर्म पर पूर्ण एकाग्र होकर काम किया जाय। परिणाम तो प्रकृति के कार्य-कारण सिद्धान्त के अनुसार मिलेगा ही। ध्यान देने योग्य है कि परिणाम त्यागने की नहीं, परिणाम में आसक्ति त्यागने की बात की गई है। इसी बात को जर्मन दार्शनिक इमैनुएल काण्ट कर्तव्य के लिए कर्तव्य(Duty for Duty’s sake) की बात अपने कर्तव्यवाद सिद्धान्त में कहते हैं।

ख. कर्तापन का त्याग:- ‘मैं कर रहा हूँ’ — यह अहंकार ही बंधन है। गीता कहती है, प्रकृति के गुणों से ही सब कर्म हो रहे हैं, अज्ञानी ही ‘मैं कर्ता हूँ’ मान बैठता है। कर्म के बिना एक क्षण भी रहना संभव ही नहीं है। हम केवल क्या करना है और कैसे करना है को प्रभावित कर सकते हैं। समर्पण के साथ कार्य करके कर्म की कुशलता को सुनिश्चित कर सकते हैं। अपने समय का प्रभावी प्रयोग कर सकते हैं।

ग. लोकसंग्रह:- काम केवल अपने लिए नहीं, समाज के कल्याण के लिए करो(सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः)। यही कर्म को यज्ञ बना देता है। यही अनासक्ति को जन्म देता है। जब हम लोक कल्याण के लिए काम करते हैं, तब समत्व के भाव में स्थिर रह कर योग के मार्ग पर रह सकते हैं।

आज के शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान — सबके लिए कर्मयोग ही गीता का सबसे बड़ा उपहार है। कर्तव्य से भागना योग नहीं, कर्तव्य में रम जाना योग है। परिणाम को अस्वीकार या त्याग नहीं करना है। केवल आसक्ति नहीं रखनी है। प्रकृति के कार्य-कारण के सिद्धान्त के अनुसार परिणाम तो स्वाभाविक रूप से आएगा ही, किन्तु हमें न उसकी प्रतीक्षा करनी है और न ही परिणाम के लिए काम करना है। जर्मन दार्शनिक कांट के सिद्धान्त के अनुसार कर्म के लिए कर्म करना है।

2. ज्ञानयोग — गीता का दूसरा स्तम्भ ज्ञानयोग है। श्रीकृष्ण कहते हैं —न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते। अर्थात इस संसार में ज्ञान के समान पवित्र और कुछ नहीं है। ज्ञान योग कहता है — शरीर नाशवान है, आत्मा अविनाशी है। ज्ञान योग ही हमें समत्व भाव से जीवन की प्रेरणा देता है। निडर होकर कर्मरत रहने का आधार देता है।

नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावकः।

न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुतः॥२.२३

 

आत्मा को न शस्त्र काट सकता है, न अग्नि जला सकती है, न जल गला सकता है, न वायु सुखा सकती है। जब मनुष्य यह जान लेता है कि मैं शरीर नहीं, आत्मा हूँ, तब मृत्यु का भय, हानि का शोक और अपमान का दुःख समाप्त हो जाता है। ज्ञानयोग विवेक जगाता है — क्या नित्य है, क्या अनित्य है? क्या सत्य है, क्या मिथ्या है? ज्ञान योग के माध्यम से कर्म योग सहज हो सकता है।

ज्ञानयोग का अर्थ किताबी ज्ञान नहीं, आत्म-अनुभव है। स्वयं को जानना और जानकर ही कर्म रत होना वास्तव में ज्ञानयोग है। ज्ञान और कर्म को अलग करना संभव ही नहीं है। ज्ञान के बिना कर्म करना अंधेरे में तीर चलाने के समान है और बिना कर्म के ज्ञान की कोई उपयोगिता नहीं है। जयशंकर प्रसाद सृजित महाकाव्य कामायनी के रहस्य सर्ग की पंक्तियां संदर्भित हैं-

ज्ञान भिन्न कुछ, क्रिया भिन्न है,

इच्छा क्यों पूरी हो मन की।

एक-दूसरे से मिल न सके,    

यह विडंबना है जीवन की।

जयशंकर प्रसाद के अनुसार ज्ञान और कर्म की भिन्नता ही जीवन की विडंबना है। यथार्थ में जो ज्ञान जीवन में उतर जाए, वही सच्चा ज्ञान है। ज्ञान योग का जीवन में उतरना ही कर्म योग है।

३. भक्तियोग — प्रेम ही परम योग है। श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 9  और अध्याय 18 में योगेश्वर श्री कृष्ण अर्जुन को भक्ति और समर्पण का उपदेश देते हैं। गीता के अंत में श्रीकृष्ण सबसे सरल और सबसे मधुर मार्ग बताते हैं — भक्ति।

मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु।

मामेवैष्यसि युक्त्वैवमात्मानं मत्परायणः॥९.३४॥

मामेवैष्यसि सत्यं ते प्रतिजाने प्रियोऽसि मे॥१८.६५॥

मन को मुझमें लगा, मेरा भक्त बन, मुझे प्रणाम कर, तू मुझे ही प्राप्त होगा। भक्तियोग में अहंकार गल जाता है। भक्त अपना सब कुछ भगवान को समर्पित कर देता है। भक्ति में जाति, विद्या, धन का भेद नहीं। गीता कहती है — पत्रं पुष्पं फलं तोयं — एक पत्ता, एक फूल, एक फल, थोड़ा जल भी यदि प्रेम से दिया जाए, तो भगवान उसे स्वीकार करते हैं। जहां अहंकार गल जाता है। इष्ट के प्रति पूर्ण समर्पण हो जाता है, वहां कर्म में रजस और तमस होने की संभावना ही समाप्त हो जाती है। भक्त की आसक्ति कर्म के परिणाम में नहीं रहती। अतः उसका प्रत्येक कर्म, कर्म योग के अनुरूप होता है। भक्ति योग और कर्म योग का मिलन हो जाता है। निरासक्त कर्म पूजा बन जाता है। ऐसा कर्म ही कर्म में कुशलता सुनिश्चित कर सकता है।

भक्तियोग हृदय का योग है। जहाँ ज्ञान थक जाता है, वहाँ प्रेम पहुँच जाता है। कर्म तो ज्ञान और भक्ति दोनों का ही अनुसरण करता है। मीरा, सूर, तुलसी, चैतन्य — सब इसी मार्ग के पथिक हैं।

 

४. राजयोग — वर्तमान समय में राजयोग को ही समाज में योग के नाम से जाना जाता है। महर्षि पतंजलि ने अष्टांग योग- यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि प्रस्तुत किए, जिनमें से पहले पांच बहिरंग अंग और अन्तिम तीन अंतरंग अंग हैं, माने जाते हैं। ये सभी योग के अंग हैं, जो योगिक क्रियाओं के लक्ष्य ’चित्तवृत्ति निरोधः’ अर्थात  मन को जीतने; में सहायक होते हैं। श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय, जो ‘ध्यानयोग’ या ‘आत्मसंयमयोग’ कहलाता है; में भी श्रीकृष्ण मन को वश में करने की विधि बताते हैं।

अर्जुन कहता है — हे कृष्ण! मन बड़ा चंचल है, उसे वश में करना वायु को वश में करने जैसा कठिन है।

श्रीकृष्ण उत्तर देते हैं —

असंशयं महाबाहो मनो दुर्निग्रहं चलम्।

अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते॥६.३५

निःसंदेह मन चंचल और कठिनता से वश में आने वाला है, परन्तु हे कुंतीपुत्र! अभ्यास और वैराग्य से वह वश में आ जाता है। योग अभ्यास के सूत्र हैं — एकांत स्थान, स्थिर आसन, सीधी रीढ़, सम दृष्टि, इंद्रिय-निग्रह और निरंतर अभ्यास। आज की भाषा में यही ‘मेडिटेशन’ है। आचार्य रजनीश ओशो प्रति क्षण ध्यानस्थ रहने की बात करते हैं। प्रत्येक क्रिया को उसमें ध्यानस्थ होकर करें, तभी कर्म में कुशलता और गुणवत्ता आयेगी। यही जीवन जीने की कला है। जो विद्यार्थी परीक्षा के तनाव में है, जो शिक्षक कार्यभार से थका है, जो गृहस्थ चिंताओं से घिरा है — सबके लिए योग मन और शरीर दोनों की औषधि है।

वर्तमान समय में योग राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित विषय है। कोई भी विषय जब व्यापक रूप लेता है, तब उसके अनेक नामकरण हो जाते हैं। वर्तमान समय में योग की भी यही स्थिति है। सांख्य योग, ज्ञान योग, भक्ति योग, ध्यानयोग,  हठ योग, मन्त्र योग, यहां तक कि तंत्र योग जैसे अनेक नाम व शाखाएं प्रचलित हैं। यहां पर ऋगवेद का सूत्र ’एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति’ उल्लेखनीय है। योग के सन्दर्भ में भी यही लागू होता है। योग तो मन और शरीर या जड़ और चेतन को जोड़ने वाला समग्र एक ही है। उसके विभिन्न अंगों को विभिन्न नाम दे दिए गए हैं

 

समत्व योग — गीता की आत्मा या गीता का सार यदि एक शब्द में कहना हो, तो वह है ’समत्व’।

 

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।२.३८

सिद्धयसिद्धयोः समो भूत्वा समत्व योग उच्यते।२.४८

 

सुख-दुःख, लाभ-हानि, जय-पराजय, सिद्धि-असिद्धि में समान भाव रखने में सक्षम बना कर  दुखों के संयोग से वियोग कराने वाली विद्या ही योग है। सफलता में फूलो मत, असफलता में टूटो मत।निंदा-स्तुति में विचलित मत हो। बच्चन जी ने मधुशाला में लिखा है-

करे कोई निन्दा दिन-रात।

सुयश का पीटे चाहे ढोल।

किए कानों को अपने बन्द,

रही बुलबुल डालो पर डोल।

                    सुरा पी, मधु पी, कर मधुपान॥

यही स्थितप्रज्ञता है। स्थितप्रज्ञ व्यक्ति कैसा होता है? गीता कहती है — जैसे कछुआ अपने अंगों को समेट लेता है, वैसे ही स्थितप्रज्ञ अपनी इंद्रियों को विषयों से समेट लेता है(प्रत्याहार)। वह कर्तव्य करता है, पर आसक्ति नहीं रखता। वह संसार में रहता है, पर संसार उसमें नहीं रहता। जैसे कमल जल में रहकर भी जल से अछूता रहता है।

योग और आधुनिक जीवन

आज मनुष्य के पास साधन बहुत हैं, शांति कम है। सूचना बहुत है, ज्ञान कम है, व्यवहार तो अत्यल्प है। गति बहुत है, दिशा कम है। दिशा के बिना प्रगति कहां? गीता का योग इसी संकट का समाधान है। योग सभी के लिए उपयोगी है। विद्यार्थी योग से एकाग्रता, अनुशासन और निष्काम परिश्रम करना सीखता है। शिक्षक योग के द्वारा — निःस्वार्थ सेवा और समता  की साधना करता है। गृहस्थ के लिए योग का अर्थ है — कर्तव्यपालन और जीवन में संतुलन बनाते हुए चारों पुरुषार्थों की सिद्धि। समाज के लिए योग का अर्थ है — लोकसंग्रह और राष्ट्रप्रेम के माध्यम से सभी का कल्याण सुनिश्चित करना। सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः सुनिश्चित करना।

 योग हमें सिखाता है कि भागो मत, जागो। कर्म से भागकर मोक्ष नहीं मिलेगी, कर्म में ही मोक्ष छिपा है। मुक्ति की कामना से मुक्त होकर कर्म के आनन्द में डूब जाना ही सच्ची मुक्ति है। गीता में योग कोई एक मार्ग नहीं, अनेक मार्गों का संगम है। कर्मयोग हाथ का योग है, ज्ञान योग मस्तिष्क का योग है, भक्तियोग हृदय का योग है। जो व्यक्ति इस योग को जीवन में उतार लेता है, उसके लिए हर कार्य पूजा बन जाता है, हर दिन साधना बन जाता है और हर श्वास प्राणायाम बन जाती है।

@ प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, कालेवाला, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद-244601 (उत्तर प्रदेश)

चलवार्ता 09996388169, ई-मेलः santoshgaurrashtrapremi@gmail.com,

बेब ठिकाना www.rashtrapremi.com, www.rashtrapremi.in, www.rashtrapremi.webpress.com

कोई टिप्पणी नहीं: