शारदीय नवरात्रि के अवसर पर विशेष
वैयक्तिक स्वतंत्रता, परिवार और सामाजिक बंधनों में संतुलन
समाचार पत्र उठाकर देखें। प्रतिदिन मानवता व परिवार को बिखरने वाले समाचार मिल जाते हैं। पति-पत्नी का रिश्ता परिवार का आधार रहा है। संयुक्त परिवार व्यवस्था तो गुजरे जमाने की बात कही जाने लगी है। हम दो, हमारे दो के नारे से विकसित होते छोटे परिवार भी पीछे छूटने लगे हैं। न्यूक्लीयर परिवार से होते होते परिवार की अवधारणा ही बिखरती जा रही है। संयुक्त परिवार तो इतिहास की चीज हो चुके हैं। परिवार का मतलब पति-पत्नी और बच्चों से ही लिया जाता है। बच्चे भी कितने हैं? हम दो, हमारे दो की अवधारणा भी पीछे छूट चुकी है। अब तो एक बच्चे के परिवार भी देखे जा रहे हैं। उच्च शिक्षा और पेशेवर शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपना कैरियर बनाकर ही शादी करने की ललक में शादी में भी देरी हो जाती है। कई बार यह देरी इतनी हो जाती है कि जैविक तरीके से माता-पिता बनना भी मुश्किल हो जाता है। उम्र बढ़ने के कारण अविवाहित रह जाने की स्थिति भी बन जाती है। इस प्रकार बिखरती पारिवारिक व्यवस्था का दुष्परिणाम सामाजिक मूल्यों के क्षरण के रूप में सामने आ रहा है।
बड़े-बुजुर्ग कहा करते थे कि अमीर का बेटा भी कुवांरा रह सकता है किंतु बेटी गरीब की भी कुंवारी नहीं रहती। यह कहावत भी वर्तमान में निरर्थक हो चुकी है। उच्च शिक्षित व अच्छा कमाने वाली महिलाओं के अविवाहित रहने के उदाहरणों की कमी नहीं है। शादी से वंचित रह जाने की इस स्थिति का कारण दहेज नहीं है, वरन महत्वाकांक्षा है। यह कहना भी गलत नहीं होगा कि कुछ न कुछ मात्रा में शादी की परंपरा से ही मोह भंग होता जा रहा है। महिलाओं के पक्ष में बनें कड़े कानून और उन कानूनों की सहायता से चंद शातिर महिलाओं द्वारा पुरुषों पर झूठे केस करके ब्लेकमैलिंग व अत्याचार के कारण युवा वर्ग शादी से डरने लगा है। रही-सही कसर लिव इन रिलेशनशिप की अवधारणा ने पूरी कर दी है। वैयक्तिक स्वतंत्रता की भावना नई पीढ़ी में कूट-कूट कर भरी है। वे विवाह को बंधन के रूप में मानते हैं और उससे बचते हैं। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं पति व ससुराल के बंधन में पड़कर अपनी स्वतंत्रता को खोना नहीं चाहतीं। इन सब का परिणाम है कि परिवार और समाज दोनों कमजोर हो रहे हैं।
परिवार और समाज के कमजोर होने के साथ-साथ जीवन मूल्यों में कमी के कारण नैतिक अधमता संबन्धी अपराध भी दिनों-दिन बढ़ रहे हैं। मानव सभ्यता के विकास के साथ-साथ असभ्यता व अपराधों का भी अस्तित्व रहा ही है किंतु वर्तमान में संबन्धों में अपराध की स्थिति भयानक है। पिता द्वारा पुत्री के साथ बलात्कार, भाई द्वारा बहन के साथ बलात्कार, चचेरे बहन-भाइयों में भागकर शादी, ससुर-बहू के संबन्ध, इसी प्रकार के पारिवारिक नैतिक अधमता के समाचार आए दिन मिलते रहते हैं। सामूहिक बलात्कार की स्थिति पशुओं से भी बदतर स्थिति है। इन स्थितियों को देखकर मानवता शर्मसार हो उठती है। इंटरनेट पर परोसी जा रही अश्लील सामग्रियों का भी इस प्रकार का आपराधिक वातावरण बनाने में प्रभाव रहता है। इन सब स्थितियों में परिवार और समाज निरर्थक होते जा रहे हैं। परिवार ही मानवता व मानव मूल्यों का रक्षक है। परिवार ही समाज का आधार है। परिवार जितने कमजोर होंगे, व्यक्ति भी उतना ही कमजोर व हताश होता जाएगा। व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास परिवार ही करता है। परिवार के बिना न तो व्यक्ति रह सकता है और न ही समाज।
वर्तमान समय में स्वतंत्रता को व्यक्ति के विकास का आधार मान लिया गया है। कुछ हद तक यह सही भी हो सकता है किंतु वैयक्ति स्वतंत्रता संपूर्ण नहीं हो सकती। परिवार व समाज का गठन व्यक्ति के लिए है और व्यक्ति द्वारा किया जाता है। नागरिकों के बिना कोई देश नहीं हो सकता, उसी प्रकार व्यक्तियों के बिना कोई परिवार नहीं हो सकता। परिवार को नियमित करने का आधार विवाह है। परिवार के केंद्र में महिला है। महिला के बिना परिवार का गठन संभव ही नहीं है। कहा भी गया है, ‘बिन घरनी, घर भूत का डेरा’। इसमें कोई संदेह नहीं कि गृह का आधार गृहिणी है। वही गृह की चालक है, प्रबंधक है, साम्राज्ञी है। घर उसके बिना नहीं, और घर के बिना वही सबसे अधिक असुरक्षित हो जाती है।
वर्तमान में शारदीय नवरात्रि चल रही हैं। देश भर में देवी पूजा हो रही है। यह एक विरोधाभास है कि हम देवी पूजा की परंपरा का निर्वाह तो कर रहे हैं किंतु देवियों को खतरे में डाल रहे हैं। देवियों को ही खतरे में नहीं डाल रहे, अपने आप को खतरे में डाल रहे हैं। परिवार को खतरे में डाल रहे हैं। परिवार पर खतरे का मतलब समाज को खतरे में डाल रहे हैं। समझने की आवश्यकता है कि शिक्षा व धन सब कुछ परिवार के लिए है। व्यक्ति परिवार के लिए ही कमाता है। यदि परिवार ही सुरक्षित नहीं तो धन का क्या करोगे? नौकरी करना जीवन का उद्देश्य नहीं है। परिवार के लिए आवश्यक संसाधन जुटाना परिवार के सभी सदस्यों का उत्तरदायित्व है। परिवार के लिए धन से भी अधिक आवश्यक है, परिवार के लिए अपनी वैयक्तिक स्वतंत्रता का समर्पण। परिवार की आवश्यकता वैयक्तिक स्वतंत्रता से अधिक महत्वपूर्ण है। पारिरिवारिक जीवन मूल्यों के बिना परिवार का संरक्षण कैसे होगा? नर नारी के साथ बलात्कार करेगा, नारी के सम्मान के स्थान पर उसका अपमान करेगा तो नारी भी उसके लिए काली बनकर विनाश का कारण ही बनेगी और नारी के बिना शिव शिव नहीं रह जाते, शव हो जाते हैं। वैराग्य लेकर शमसान वासी हो जाते हैं। नारी के बिना नर शव ही है। नारी का संरक्षण परिवार से है। नारी की आवश्यकता परिवार है। शादी नारी की आवश्यकता ही नहीं, उसके अस्तित्व का आधार है। नारी जब माँ बनती है तब वह न केवल परिवार को जन्म देती है, वरन परिवार के संरक्षण की आवश्यकता भी महसूस करती है। बच्चे का जन्म ही घर की आवश्यकता, एक स्थान पर ठहरने की आवश्यकता को जन्म देता है। यह मातृत्व ही है, जो नारी को सर्वोच्च स्थान प्रदान करता है। इसी मातृत्व के कारण ही दुनिया माता के रूप की उपासना करती है। बिडंबना यह है कि हम मातृत्व का सम्मान करना, मातृत्व का संरक्षण करना भूल कर केवल पूजा का ढकोसला करने लगे हैं। नारी को सुरक्षा, सम्मान व स्वाबलंबन देना ही सही अर्थो में देवी पूजन होगा।
नारी के साथ छेड़छाड़ मातृत्व का अपमान नहीं है? बलात्कार मातृत्व का अपमान नहीं है? सामूहिक बलात्कार मानवता का मर जाना नहीं है? लिव इन रिलेशनशिप की बात करना परिवार और समाज को समाप्त करना नहीं है? समलिंगी संबन्धों की बात करना प्रकृति के विरुद्ध और मातृत्व का अपमान करना नहीं है? मातृत्व का अपमान करके दुर्गापूजा की बात करना एक ढकोसला मात्र नहीं है? गर्भ परीक्षण कराकर कन्या को गर्भ में ही मार देने वाले व्यक्ति के पापों का प्रायश्चित कन्या पूजन से हो जाएगा क्या? देश भर में दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में बड़े-बड़े आयोजन हो रहे हैं। इस आयोजन ने भी व्यावसायिक रूप ले लिया है। सामूहिक रूप से केवल प्रदर्शन के लिए किए जाने वाले आयोजन मनोरंजन के सिवा कुछ भी नहीं रह जाते।
इस शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की आवश्यकता है कि हम देवियों के संरक्षण के लिए क्या कर सकते हैं? उनको सम्मान और स्वाबलंबन देने के लिए क्या कर सकते हैं? कन्यापूजन के स्थान पर कन्याओं को बचाने व सशक्त बनाने के लिए क्या कर सकते हैं? देवियों को बलात्कार से बचाने, उनको हत्याओं से बचाने और उनको आत्महत्याओं से बचाने के लिए क्या कर सकते हैं? इन सभी प्रश्नों का एक ही उत्तर है- परिवार को बचाकर ही हम देवियों को बचा सकते हैं। परिवार व पारिवारिक मूल्यों को बचाकर ही हम समाज के अस्तित्व को बचा सकते हैं। परिवार को बचाकर ही मातृत्व को बचा सकते हैं। यह माता की पूजा से नहीं, व्यक्तिगत स्वतंत्रता को परिवार व समाज के अधीन करके ही हो सकेगा। व्यक्ति, परिवार व समाज के संरक्षण के लिए संतुलन आवश्यक है। हमें उसकी संतुलन की स्थापना न केवल करनी होगी वरन उस संतुलन को बनाए रखना भी होगा। अन्यथा प्रकृति में संतुलन की स्थापना के लिए नारी को काली के रूप में आना होगा, शिव को ताण्डव करना होगा। शिव को शव में परिवर्तित होने से बचाने के लिए पार्वती का अस्तित्व आवश्यक है। नर के अस्तित्व व प्रसन्नता के लिए नारी का अस्तित्व और प्रसन्नता आवश्यक है और यह संतुलन से ही संभव है।
अतः इस शारदीय नवरात्रि के अवसर पर हम सब पूजा करे न करें किंतु प्रकृति के संतुलन को बचाने की साधना प्रारंभ करें। वास्तविकता यही है कि पूजा अल्पकाल के लिए होती है किंतु साधना जीवन भर के लिए होती है। हमें पूजा नहीं, साधना करने की आवश्यकता है। साधना आध्यात्मिक विकास के लिए नहीं, नारी के सम्मान को बचाने के लिए, परिवार को बचाने के लिए, समाज को बचाने के लिए, भारत को बचाने के लिए, अपने आपको बचाने के लिए अत्यन्त आवश्यक है। कृण्वन्तों विश्वं आर्यम् का आह्वान करने वाला भारत आज अपने पारिवारिक मूल्यों को बचाने में असमर्थ दिख रहा है। आज की युवा पीढ़ी वैयक्तिक स्वतंत्रता के नाम पर प्रकृति के विरुद्ध जा रही है। करियर विकास के नाम पर शादी से भाग रहीं है। वैयक्तिक स्वतंत्रता के नाम पर परिवार से दूर भाग रही है। इसे बदलने के लिए हम सभी को साधना की आवश्यकता है। वैयक्तिक स्वतंत्रता को छोड़कर परिवार और पारिवारिक जीवन मूल्यों को पुनस्र्थापित करने की आवश्यकता है। नारी के मातृत्व का सम्मान करने की आवश्यकता है और यह सब परिवार को मजबूत करके ही हो सकेगा। परिवार का आघार प्रेम, समर्पण व संतुलन है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें