सोमवार, 2 अगस्त 2010

कार्य से अर्थ

कार्य से अर्थ ( Meaning Of Job )




मानव संसाधन प्रबंध की मूलभूत समस्याओं के निवारण के लिए उपक्रम में किए जाने वाले समस्त कार्यों का विश्लेषण किया जाना आवश्यक होता है। कार्य विश्लेषण के आधार पर ही कर्मचारियों की भर्ती, चयन, प्रशिक्षण, पदोन्नति या पदावनति आदि कार्य संपन्न किए जाते हैं। कर्मचारियों के पदों की स्वीकृति व चयन का मूलाधार कार्य विश्लेषण ही होता है, क्योंकि जब तक कार्य के तत्वों के बारे में विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं होगा, कार्य के अनुरूप उपयुक्त कर्मचारी का चयन किस प्रकार सम्भव होगा? कहने का आशय यह है कि कर्मचारी चयन की प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व कार्य-विश्लेषण किया जाना आवश्यक है।

कार्य एक अत्यन्त महत्वपूर्ण घटक है। अत: इसकी अवधारणा को स्पष्ट कर लेना आवश्यक है। कार्य (Job) को समझने के लिए इसकी कुछ परिभा्षाओं का अध्ययन उपयोगी रहेगा-

1. डेल योडर के अनुसार, ``कार्य उन कार्यो, कर्तव्यों और दायित्वों का समूह है, जो एक व्यक्ति को सौंपे जाते हैं तथा जो अन्य कार्य से भिन्न होते हैं।´´

2. ओटिस एवं ल्यूकर्ट के अनुसार, ``कार्य, समान कौशल, समान ज्ञान, समान उत्तरदायित्व एवं समान कर्तव्यों की स्थितियों का समूह है।´´



उपर्युक्त परिभाषाओं के अध्ययन के आधार पर कहा जा सकता है कि कार्य का वर्गीकरण उत्पादन विशिष्टता के आधार पर किया जा सकता है। सामान्य अवस्था में जो उपकार्य ह, विशिष्टीकरण की मात्रा में वृद्धि होने पर वही कार्य की श्रेणी में आ सकता है। अत: कार्य का उल्लेख व उसके उपकार्यो का निर्धारण स्पष्ट रूप से होना चाहिए। उदाहरण के लिए- एक छोटे कारीगर के लिए तख्त बनाने का सम्पूर्ण कार्य एक कार्य है। उसके लिए लकड़ी काट कर लाना, उसे सुखाना, चीरना, तख्त के विभिन्न भाग तैयार करना, उन्हें चिकने बनाना, जोड़ना आदि सभी उपकार्य तख्त बनाने के कार्य के भाग हैं। किन्तु यदि विशिष्टीकरण की मात्रा बढ़ेगी तो इनमें से प्रत्येक उपकार्य कार्य का महत्व प्राप्त कर लेगा और ऐसी स्थिति में सभी कार्य अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा संपन्न किए जायेंगे।


इस प्रकार प्रत्येक कार्य के कई स्तर होते हैं। कर्मचारी भी उन स्तरों के अनुसार कार्य करता है। स्तर कई गतिविधियों और उत्तरदायित्वों से बनता है, जो कर्मचारियों को सौंपे जाते हैं, जबकि कार्य विभिन्न स्तरों का समूह है, जो कार्य के प्रकार और स्तर के अनुकूल समूहीकरण से निर्मित हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: